पटना , जून 11 -- बिहार विधान परिषद की नौ द्विवार्षिक तथा एक रिक्त सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मैदान में उतरे सभी 10 उम्मीदवार गुरुवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए।

इस चुनाव के लिए नामांकन वापस लेने की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद कोई अतिरिक्त उम्मीदवार मैदान में नहीं बचा, जिसके कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी।

उम्मीदवारों की संख्या रिक्त सीटों के बराबर रहने के कारण निर्वाचन आयोग ने औपचारिक रूप से सभी 10 प्रत्याशियों को निर्वाचित घोषित कर दिया। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 10 में से नौ सीटों पर जीत हासिल की, जबकि शेष एक सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुनील कुमार सिंह निर्वाचित हुए।

नवनिर्वाचित सदस्यों में से आठ पहली बार विधान परिषद पहुंचे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संजय प्रकाश मयूख और राजद के सुनील सिंह दोबारा उच्च सदन के सदस्य बने हैं।

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के टिकट पर निर्वाचित उम्मीदवारों में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद शामिल हैं। भाजपा के सफल उम्मीदवार भोजपुरी अभिनेता-गायक पवन सिंह, संजय प्रकाश मयूख, अनिल ठाकुर और शीला पंडित हैं। राजग की नौवीं सीट लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अशरफ अंसारी ने जीती।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित