पटना , अक्टूबर 22 -- बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में 5,32,847 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर 150 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, मतदान के लिए राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 933 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शुरू हो कर शाम चार बजे तक चलेगा, जबकि इस चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है।
चुनाव में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग), विपक्षी महागठबंधन और जन सुराज पार्टी के बीच मुकाबले के साथ कुछ सीटों पर गठबंधन के घटक दलों के प्रत्याशियों के आमने-सामने होने से राजनीतिक समीकरण भी दिलचस्प हो गए हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी सीटों तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। चुनाव में कुल 150 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के 90 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के 60 प्रत्याशी शामिल हैं।
नामांकन के दौरान कुल 164 अभ्यर्थियों ने पर्चे दाखिल किए थे। जांच में 12 नामांकन पत्र रद्द हुए और दो अभ्यर्थियों ने नाम वापस ले लिया, जिसके बाद उम्मीदवारों की संख्या 150 रह गई।
चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4,92,594 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 3,55,522 पुरुष, 1,37,038 महिलाएं और 34 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में तिरहुत में सर्वाधिक 1,43,988 मतदाता हैं। इसके बाद कोसी में 1,34,072, दरभंगा में 1,26,951 और पटना में 87,583 मतदाता हैं।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 40,253 मतदाता हैं। इनमें 30,677 पुरुष, 9,573 महिलाएं और तीन तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना में सर्वाधिक 11,719 मतदाता हैं। सारण में 10,748, दरभंगा में 9,026 और तिरहुत में 8,760 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। दोनों श्रेणियों को मिलाकर मतदाताओं की कुल संख्या 5,32,847 है। इनमें 3,86,199 पुरुष, 1,46,611 महिलाएं और 37 तृतीय लिंग के मतदाता हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित