पटना , जुलाई 16 -- िहार विधान परिषद् के आगामी मानसून सत्र के सुचारु, शांतिपूर्ण एवं सार्थक संचालन के उद्देश्य से गुरुवार को बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न दलों के नेताओं एवं सदस्यों ने भाग लिया तथा सत्र के संचालन से संबंधित विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए सभापति श्री सिंह ने सभी दलों से सहयोग एवं सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र की अवधि मात्र पाँच दिनों की है। ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि आपसी सहयोग, संवाद और सकारात्मक सहभागिता के माध्यम से इस सीमित समय का अधिकतम सदुपयोग करें तथा सत्र को अधिक से अधिक जनोपयोगी, सार्थक एवं परिणामोन्मुख बनाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सदन जनभावनाओं की अभिव्यक्ति का सर्वोच्च मंच है। इसलिए सभी सदस्य संसदीय परंपराओं एवं मर्यादाओं का पालन करते हुए जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा करें, जिससे जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रभावी परिणाम सामने आ सकें। बैठक में उपस्थित सभी दलों के प्रतिनिधियों ने सत्र के सफल संचालन के लिये सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।

इस बैठक में बिहार विधान परिषद् के उप सभापति प्रो.(डॉ.) राम वचन राय, माननीय उप मुख्यमंत्री सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, सदन उप नेता ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक सत्तारूढ़ दल संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, मुख्य सचेतक विरोधी दल अब्दुल बारी सिद्दिकी, उप मुख्य सचेतक सत्तारूढ़ दल जनक राम, सचेतक सत्तारूढ़ दल श्रीमती रीना देवी, सदस्य संजीव कुमार सिंह, श्रीमती शशि यादव, अशरफ अंसारी, देवेश कुमार, बिहार विधान परिषद् के प्रभारी सचिव शंकर कुमार, निदेशक ज्ञान प्रकाश एवं उप सचिव मिथिलेश कुमार उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित