पटना , जुलाई 22 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक बैद्यनाथ प्रसाद ने विधानसभा में बुधवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सदन में अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वह राज्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के दौरान बार-बार अनुपस्थित रहते हैं। सदन की कार्यवाही आज शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने दो अलग-अलग मीडिया संस्थानों के पत्रकारों के विधानसभा परिसर में प्रवेश पर रोक लगाने तथा बिहार के विभिन्न हिस्सों में सूखे जैसी स्थिति का मुद्दा उठाया। इस दौरान श्री प्रसाद ने कहा कि सरकार बिहार के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जबकि नेता प्रतिपक्ष अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में विफल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट सत्र के दौरान भी नेता प्रतिपक्ष ने सदन से दूर रहकर यही रवैया अपनाया था।
श्री प्रसाद ने नेता प्रतिपक्ष की बिहार के प्रति प्रतिबद्धता पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार की जनता जानना चाहती है कि क्या नेता प्रतिपक्ष वास्तव में राज्य के विकास में योगदान देने के प्रति गंभीर हैं।
भाजपा विधायक ने व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए पूछा कि क्या नेता प्रतिपक्ष "ईरान-अमेरिका संघर्ष में मध्यस्थता कराने में व्यस्त हैं या कहीं आराम कर रहे हैं?" उन्होंने कहा कि बिहार की जनता विधानसभा से उनकी लगातार अनुपस्थिति का कारण जानने की हकदार है।
श्री प्रसाद ने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का संवैधानिक दायित्व है कि वह सदन की कार्यवाही में भाग लें और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर होने वाली बहस में अपना योगदान दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित