पटना , जुलाई 18 -- बिहार विधानसभा का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हो कर 24 जुलाई तक चलेगा।

विधानसभा के प्रभारी सचिव पूनम सिन्हा की ओर से आज जारी कार्यसूची के अनुसार 05 दिनों तक चलने वाले इस सत्र में वित्त वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा।

कार्यसूची के अनुसार 20 जुलाई को सभा की कार्यवाही 11.00 बजे पूर्वाह्न विधानसभा अध्यक्ष के प्रारम्भिक सम्बोधन के साथ शुरू होगी और इसके बाद बिहार विधान सभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन नियमावली के नियम-12(1) के अन्तर्गत अध्यासी सदस्यों का मनोनयन किया जाएगा।

इस सत्र के पहले दिन बिहार विधान सभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन नियमावली के नियम-219 (1) के अन्तर्गत कार्य मंत्रणा समिति का गठन किया जायेगा। इसके बाद राज्यपाल की ओर से प्रख्यापित अध्यादेशों की प्रमाणीकृत प्रति सभा पटल पर रखा जाएगा। इसके बाद बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों की ओर से पिछले सत्र में पारित और राज्यपाल की ओर से अनुमत विधेयकों का विवरण सभा सचिव सभा पटल पर रखेंगे। साथ ही बिहार विधान सभा की समितियों का प्रतिवेदन एवं अन्य कागजात (यदि हो) को भी सभा पटल पर रखा जायेगा इसी दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक व्यय विवरण का उपस्थापन किया जायेगा तथा जो अन्य नितान्त आवश्यक कार्य हों उन्हें संपादित किया जायेगा। साथ ही शोक प्रकाश लिया जायेगा।

मंगलवार 21 जुलाई एवं 22 जुलाई को राजकीय विधेयक एवं अन्य राजकीय कार्य होगा। 23 जुलाई को वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पर वाद-विवाद, मतदान एवं तत्संबंधी विनियोग विधेयक लिया जाएगा। शुक्रवार, 24 जुलाई को गैर सरकारी संकल्प के लिए तिथि निर्धारित की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित