, March 7 -- पटना नगर क्षेत्र में अभी तक दो सौ से अधिक अवैध होर्डिंग के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है जबकि 250 से अधिक होर्डिंग हटाने के लिए नोटिस तामिला कराया गया है। सबसे अधिक पाटलिपुत्र अंचल में 59 अवैध होर्डिंग हटाये गये हैं जबकि कंकड़बाग अंचल में 89 अवैध होर्डिंग के खिलाफ नोटिस तामिला कराया गया है। पटना नगर निगम ने शहर के सौंदर्यीकरण, यातायात सुगमता एवं जन-सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निगम क्षेत्र के सभी छह अंचलों में अवैध होर्डिंग एवं बैनर हटाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। चिन्हित स्थलों पर वैज्ञानिक पद्धति से सर्वे कर यूनिपोल एवं होर्डिंग को हटाया जा रहा है।
पटना नगर निगम क्षेत्र में बिना अनुमति सार्वजनिक स्थलों, सड़कों के किनारे, विद्युत पोल, सरकारी परिसरों, निजी भवन अथवा अन्य स्थानों पर लगाए गए विज्ञापन सामग्री, यूनिपोल, होर्डिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पटना नगर निगम क्षेत्र के निजी भवनों की छतों एवं दीवारों पर बिना वैध अनुमति लगाए गए होर्डिंग के विरुद्ध नोटिस जारी किए जा रहे हैं एवं उन होर्डिंग को हटाया भी जा रहा है ।जिन पर बकाया राशि लंबित है, उन्हें शीघ्र जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने पिछले महीने विभागीय समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश दिये थे कि अवैध रूप से लगे सैकड़ो होर्डिंग के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा था कि शहर की छवि खराब करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इसको ध्यान में रखते हुए भीड़भाड़ वाले इलाकों में अवैध होर्डिंग को हटाने के लिए रात में भी अभियान चलाया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा के निर्देश के बाद पटना नगर निगम ने राजस्व वसूली को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए शहर की विज्ञापन एजेंसियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। कुल 54 विज्ञापन एजेंसियों पर निगम का भारी बकाया है, जिसे जमा करने के लिए नोटिस भेज दिया गया है।आंकड़ों के मुताबिक, विज्ञापनों के मद में कुल बकाया राशि 107.12 करोड़ रूपये है। सभी संबंधित संस्थानों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे जल्द से जल्द अपने बकाये का निपटारा करें, अन्यथा पटना नगर निगमपीडीआर एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई और ब्लैकलिस्टिंग भी किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित