, Sept. 28 -- डॉ. विजयलक्ष्मी ने कहा कि आज हम सूचना युग में हैं। सूचनाओं और तकनीक की उपलब्धता पहले से कहीं अधिक है, लेकिन समाज की पुरानी सोच और मानसिकता में अपेक्षित बदलाव अभी भी एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि केवल जागरूकता से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि मानसिकता को बदलने के लिए सामाजिक एवं व्यवहार परिवर्तन पर भी काम करना होगा। महिलाओं और किशोरियों से जुड़े मुद्दों को समझते हुए उनके पीछे मौजूद सामाजिक मान्यताओं, व्यवहार और संस्थागत कारणों पर काम करने की आवश्यकता है। प्रशासन को लैंगिक समानता से संबंधित वास्तविक समस्याओं और परिस्थितियों पर संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए। जब तक आधी आबादी आगे नहीं बढ़ेगी, तब तक विकसित राष्ट्र की परिकल्पना को पूर्ण रूप से साकार नहीं किया जा सकता।दो दिवसीय कार्यक्रम में भाग ले रहे जिलों को अपने क्षेत्र की प्रमुख लिंग-संबंधी प्राथमिकता की पहचान, उपलब्ध आंकड़ों की समीक्षा तथा समस्याओं के मूल कारणों के विश्लेषण के लिए व्यावहारिक अभ्यास कराया जा रहा है। इसके आधार पर जिला कार्ययोजना तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यशाला में योजना एवं विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, समेकित बाल विकास सेवाएं, पंचायती राज, जीविका, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण और आपदा प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों को एक साथ लाया गया है, जिससे लैंगिक समानता से जुड़े मुद्दों पर अंतर-विभागीय समन्वय को मजबूत किया जा सके।
इस अवसर पर विभाग के सचिव कंवल तनुज, अपर सचिव श्याम बिहारी मीणा, यूनिसेफ से अभय कुमार, अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय की निदेशक डॉ. एन. एच. शिवानी तथा उप निदेशक श्रीमती शिप्रा सहित संबंधित विभागों एवं आकांक्षी जिलों से आए पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित