, Oct. 7 -- श्री सरावगी ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि हमारे संकल्प की ज्योति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य भारत को विकसित बनाना है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का लक्ष्य बिहार को आत्मनिर्भर बनाना है। भाजपा इसके लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि बिहार विकास की यात्रा में पीछे नहीं रहेगा और विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।उन्होंने कहा कि अगले 25 वर्षों के लिए भाजपा का संकल्प स्पष्ट है। सेवा भी करनी है, संगठन को मजबूत भी करना है और विकसित भारत के निर्माण में योगदान भी देना है। वर्ष 2037 और 2047 का भारत विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत होगा तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार भी आत्मनिर्भर बनेगा।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को आर्थिक और सामरिक रूप से मजबूत राष्ट्र बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया की मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने के साथ-साथ देश की सुरक्षा और सामरिक क्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के संकल्प को सिद्धि में बदलने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह अवसर केवल उपलब्धियों को याद करने का नहीं, बल्कि आने वाले 25 वर्षों के लिए नए संकल्प लेने का भी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से संभव होगा।

कार्यक्रम में पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद, राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू, मंत्री नितीश मिश्रा, सांसद भीम सिंह, विधायक संजय गुप्ता, संजीव चौरसिया, अरविंद शर्मा, पटना की मेयर सीता साहू, किसान आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण मेहता सहित भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महासचिव एवं कार्यक्रम की संयोजक प्रीति शेखर ने किया।

संकल्प सभा में वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन और कार्यक्रम के बाद सेवा ज्योति मशाल प्रज्वलित की गयी। और सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई।

इसके तहत मीठापुर ब्रिज का नामकरण 'सेवा ज्योति चौक' किया गया। यहां से यात्रा तारामंडल, हड़ताली मोड़, गांधी मैदान, इस्कॉन टेंपल और आर ब्लॉक होते हुए आगे बढ़ी। यात्रा में कार्यकर्ताओं ने सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

इस दौरान वर्ष 2047 तक भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और मजबूत राष्ट्र बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा और संगठन की भावना को मजबूत करते हुए विकसित भारत के निर्माण में बिहार की सक्रिय भूमिका का संकल्प भी लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित