पटना , जून 01 -- कला एवं संस्कृति विभाग के अंतर्गत बिहार ललित कला अकादमी के सौजन्य से बच्चों एवं किशोरों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 'आठ दिवसीय ग्रीष्मकालीन चाक्षुष कला कार्यशाला 2026' का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला 03 से 10 जून तक बिहार ललित कला अकादमी के बहुद्देशीय संस्कृतिक परिसर में आयोजित होगी।

कार्यशाला रोज सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक संचालित की जाएगी। इसमें 08 से 16 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। कार्यशाला के अंतर्गत पेपर मेशी, वेस्ट मेटेरियल क्राफ्ट एवं टेराकोटा जैसी कला विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही कला विधा के लिए आवेदन कर सकेगा। चयन प्रक्रिया "पहले आओ, पहले पाओ" के आधार पर की जाएगी। प्रत्येक कला विधा में 30-30 प्रतिभागियों को शामिल किया जाएगा।

प्रतिभागियों को कार्यशाला के दौरान कला सामग्री एवं अल्पाहार निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों की सूची 02 जून 2026 को शाम 4:00 बजे से बिहार ललित कला अकादमी के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित