, Oct. 23 -- इस कैरावैन की प्रमुख विशेषता यह है कि पर्यटक अपनी पसंद के अनुसार गंतव्य और यात्रा मार्ग का चयन कर सकते है। इससे परिवार, मित्रों के समूह और निजी यात्रा की योजना बनाने वाले लोगों को एक ही वाहन से विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने की सुविधा मिलती है। पर्यटक अपनी यात्रा की अवधि और निर्धारित मार्ग के अनुरूप पर्यटन कार्यक्रम तैयार कर सकते है।'कैरावैन पटना दर्शन' सेवा के जरिए पर्यटक लग्जरी सुविधाओं के साथ राजधानी के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की सैर कर सकते हैं। इस विशेष पैकेज के तहत तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब, बिहार संग्रहालय, बापू टावर, गोलघर और सभ्यता द्वार सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाता है। इसके अलावा पर्यटकों के लिए गंगा में स्पीड बोट राइड का विकल्प भी उपलब्ध है। सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक की प्रस्तावित यात्रा के लिए पैकेज की कीमत 16 हजार रुपये निर्धारित है।
लंबी दूरी की यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए कैरावैन में आठ लोगों के बैठने तथा चार लोगों के सोने की व्यवस्था है। इसमें 360 डिग्री घूमने वाली कुर्सियां, सोफा, रसोई और बाथरूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध है। मनोरंजन के लिए टीवी के साथ बेड के पास व्यक्तिगत स्क्रीन भी लगाई गई है।इसके अतिरिक्त कैरावैन में जनरेटर, कैंपिंग के लिए कैनोपी, सीसीटीवी कैमरे और आपात स्थिति में सहायता के लिए एसओएस बटन की सुविधा दी गई है। इन व्यवस्थाओं के कारण पर्यटक लंबी दूरी की यात्रा के दौरान आराम, मनोरंजन और आवश्यक सुविधाओं का लाभ उठा सकते है।
निगम की लग्जरी कैरावैन की बुकिंग 75 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से की जा सकती है। इसके लिए प्रतिदिन न्यूनतम 250 किलोमीटर की बुकिंग अनिवार्य है। इस आधार पर एक दिन का मूल किराया लगभग 18,750 रुपये निर्धारित है। इस राशि पर पांच प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त देय है।टोल टैक्स, पार्किंग, रात्रि ठहराव और अन्य लागू शुल्कों के संबंध में बुकिंग के समय निगम से जानकारी प्राप्त की जा सकती है। नेपाल जैसे अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों की यात्रा के लिए संबंधित अनुमति, सीमा पार आवागमन और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं की पुष्टि भी पहले से करना जरूरी होगा।
कैरावैन की बुकिंग के लिए इच्छुक पर्यटक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के सिख हेरिटेज भवन स्थित कार्यालय, दारोगा राय पथ स्थित निगम कार्यालय अथवा कौटिल्य विहार काउंटर से संपर्क कर सकते है। ऑनलाइन बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर 8544418209 अथवा निगम के वेबसाईट पर संपर्क कर सकते है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित