, Sept. 5 -- विभाग की पहल पर इसे पटना संग्रहालय और बिहार संग्रहालय की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया गया है। करीब 35.8 करोड़ रुपये की लागत से तैयार लखीसराय (बालगुदर) संग्रहालय का आधुनिक स्वरूप जिले की ऐतिहासिक पहचान को नई ऊंचाई देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हाल ही में अगस्त 2026 को उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने इस संग्रहालय की व्यवस्था की सराहना की थी। इसके साथ ही, जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस संग्रहालय को एक प्रमुख विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना (प्रपोजल) तैयार करें, ताकि क्षेत्र में रोजगार और सांस्कृतिक पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिल सके।
वर्तमान सरकार इस विषय पर बेहतर काम कर रही है। गौरतलब है कि वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में 'ब्रांड बिहार ' के माध्यम से बिहार की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और सभ्यता को देश-दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने पर जोर दिया जा रहा है।
इतिहासकारों और पुरातत्वविदों के अनुसार, लखीसराय संग्रहालय प्राचीन भारतीय इतिहास, विशेषकर बौद्ध धर्म और गुप्त/पूर्व-मध्यकालीन संस्कृति के अध्ययन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है।
प्राचीन बौद्ध अवशेषों, पाल कालीन मूर्तियों, शिलालेखों और स्तूपों से समृद्ध लखीसराय बिहार के महत्वपूर्ण पुरातात्विक और सांस्कृतिक केंद्रों में से एक है। कला एवं संस्कृति विभाग ने यह सुनिश्चित किया है कि नए स्वरूप में संग्रहालय के माध्यम से इन ऐतिहासिक धरोहरों को बेहतर तरीके से संरक्षित और प्रदर्शित किया जाए।
इस भव्य तीन मंजिला संग्रहालय में व्यवस्थित डिस्प्ले गैलरी, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, ऑडियो-विजुअल सुविधाएं, इनडोर और आउटडोर थियेटर तथा आगंतुकों के लिए सुविधाजनक परिसर का निर्माण किया गया है, ताकि जानकारी को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया जा सके। इससे लोगों को लखीसराय के इतिहास और पुरातात्विक महत्व को एक ही स्थान पर करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
लाली पहाड़ी, नोंगरगढ़, बिछवे पहाड़ी और सिंगारपुर जैसे स्थलों के अवशेष लखीसराय के गौरवशाली अतीत की कहानी कहते हैं। इन धरोहरों को संग्रहालय के माध्यम से संरक्षित और प्रदर्शित किए जाने से जिले की ऐतिहासिक पहचान को मजबूती मिलने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित