, Sept. 9 -- राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन 09 सितंबर से 08 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस दौरान जिले में पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित विभिन्न जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि पोषण माह के तहत निर्धारित सभी गतिविधियों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा उनके परिवारों को पोषण के प्रति जागरूक करने और अभियान में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं के पोषण और आहार पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उनके साथ-साथ परिवार के सदस्यों को भी उचित पोषण एवं स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए। स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन के पहले छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। मां का दूध शिशु के लिए अमृत के समान है।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह एक माह तक चलने वाला अभियान है, लेकिन पोषण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की गति पूरे वर्ष इसी प्रकार बनाए रखने की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, जीविका सहित सभी संबंधित विभागों के बीच प्रभावी अभिसरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, जिससे पोषण अभियान का अधिकतम लाभ लक्षित वर्ग तक पहुंच सके।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के बीच पोषण पोटली का वितरण किया गया। साथ ही उन्होंने भारत के बच्चों, किशोरों एवं महिलाओं को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में कार्य करने की शपथ भी ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित