पटना , सितंबर 04 -- ूर्व विधान परिषद् सदस्य देवेश कुमार ने शुक्रवार को बिहार राज्य योजना पर्षद के उपाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के बाद श्री कुमार ने राज्य के समावेशी, संतुलित और सतत विकास के लिए योजना पर्षद की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकसित बिहार@2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सुनियोजित, साक्ष्य-आधारित और दीर्घकालिक योजना निर्माण आवश्यक है।

श्री कुमार ने कहा कि बिहार राज्य योजना पर्षद राज्य के विकास की दिशा तय करने और विभिन्न क्षेत्रों में दीर्घकालिक एवं समावेशी विकास की रणनीति तैयार करने वाली महत्वपूर्ण संस्था है। उन्होंने कहा कि राज्य में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर और प्रभावी उपयोग करते हुए विकास के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए पर्षद की भूमिका को और सुदृढ़ किया जाएगा।

श्री कुमार ने कहा कि बिहार तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ऐसे में भविष्य की जरूरतों और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का निर्माण जरूरी है। उन्होंने कहा कि योजना पर्षद राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास की प्राथमिकताओं, नीतियों और योजनाओं पर आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित