पटना , अप्रैल 24 -- िहार के गैर चीनी मिल क्षेत्रों में गुड़ उत्पादन इकाइयां स्थापित की जाएगी, इसके लिए गन्ना उद्योग विभाग ने बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम शुरू किया है। इसके अंतर्गत राज्य के उन क्षेत्रों में गुड़ उत्पादन इकाइयां स्थापित करने की कवायद शुरू की जा रही है जहां चीनी मिल नही है।
राज्य सरकार के चतुर्थ कृषि रोड मैप के अंतर्गत गन्ना उद्योग विभाग ने 'बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम' शुरू किया है। इसके तहत चीनी मिल क्षेत्रों के अलावा राज्य के गैर चीनी मिल क्षेत्रों में गुड़ उत्पादन इकाइयां स्थापित की जाएगी। बताया जाता है कि 'बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम' के तहत राज्य में गुड़ उत्पादन इकाईयां स्थापित करने का निर्णय लिया गया है, जिसमें अबतक 12 से अधिक इकाइयां स्थापित हो गयी है और 10 इकाईयों से गुड़ का उत्पादन भी शुरू हो गया है।
विभाग के अनुसार 70 फीसदी इकाईयां गैर चीनी मिल क्षेत्रों में और शेष 30 फीसदी गुड़ इकाईयां चीनी मिल क्षेत्रों में लगाने का प्रस्ताव है, जिससे संतुलित औद्योगिक विकास सुनिश्चित किया जा सके। इन इकाईयों के संचालित होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन एवं किसानों के आय में वृद्धि हो रही हैं।
गन्ना उद्योग विभाग के अनुसार यह कार्यक्रम पारंपरिक गुड़ उद्योग को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे राज्य के गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार मिलने के साथ ही मूल्य संवर्धन और स्थाई आय के अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित