, March 7 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पटना जिले के राजस्व कार्यों की समीक्षा और अंचल कार्यालयों की औचक जांच को लेकर सख्त संदेश देते हुए कहा है कि राजस्व प्रशासन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि आम जनता से जुड़े दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि विवाद और अन्य राजस्व सेवाओं के मामलों का समयबद्ध निष्पादन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

श्री सिन्हा ने कहा कि राजस्व मुख्यालय में पटना जिले के राजस्व कार्यों की सख्त समीक्षा और 26 अधिकारियों की टीम द्वारा कार्यालयों के औचक निरीक्षण का उद्देश्य व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाना है। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर जहां सुधार की आवश्यकता होगी, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राजस्व व्यवस्था को दलाल-मुक्त, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाना सरकार की प्रतिबद्धता है। सभी पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि आम लोगों के कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे हों और उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित