, May 16 -- मेला क्षेत्र में सुरक्षा, चिकित्सा, अग्निशमन, प्रशासनिक सहायता तथा पर्यटक सूचना केंद्र में पर्यटक गाइड की उपलब्धता के साथ समुचित समन्वय स्थापित किया गया है। आपातकालीन सहायता के लिए 24x7 हेल्पलाइन 112 के साथ-साथ जिला पदाधिकारी, आरक्षी अधीक्षक, मेला नियंत्रण कक्ष, सिविल सर्जन, अग्निशमन पदाधिकारी, अनुमंडल प्रशासन, यातायात पुलिस, नगर परिषद्, थाना तथा पर्यटक सूचना केन्द्र के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।

विभाग के विशेष सचिव सह निदेशक उदयन मिश्रा ने बताया कि मलमास मेला का शुभारंभ 17 मई को ध्वजारोहण, देवी-देवताओं के आवाहन एवं पूजन के साथ होगा। मेला अवधि के दौरान 21 मई को पंचमी स्नान, 27 मई को प्रथम शाही स्नान, 31 मई को द्वितीय शाही स्नान, 5 जून को पंचमी स्नान, 11 जून को तृतीय शाही स्नान तथा 15 जून को अमावस्या स्नान एवं विसर्जन का आयोजन निर्धारित है। उन्होंने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से अपील किया है कि वे प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मेले में सहभागिता करें तथा राजगीर की पावन, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखने में सहयोग दें।

यह मेला राजगीर की प्राचीन धार्मिक परंपरा, आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का आगमन होता है। भारतीय पंचांग के अनुसार अधिमास, जिसे मलमास भी कहा जाता है, अत्यंत पवित्र माना जाता है। पौराणिक मान्यता है कि इस अवधि में देवी-देवताओं का राजगीर में निवास एवं विचरण होता है। इसी आस्था के कारण साधु-संत, तीर्थयात्री और श्रद्धालु पूरे मास राजगीर में प्रवास करते हैं तथा यहां अवस्थित 22 कुण्डों और 52 धाराओं में स्नान, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित