पटना , अक्टूबर 28 -- बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के कुल लाभार्थियों में से अब तक 95.12 प्रतिशत की आधार सीडिंग पूरी कर ली गयी है।राज्य में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों की आधार सीडिंग का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।
प्रदेश में पेंशन की राशि प्राप्त कर रहे एक करोड़ 08 लाख 36 हजार से अधिक लाभार्थियों में से अब तक एक करोड़ तीन लाख 06 हजार 571 लाभार्थियों की आधार सीडिंग पूरी हो चुकी है। यह कुल लाभार्थियों का लगभग 95.12 प्रतिशत है। शेष लाभार्थियों की आधार सीडिंग पूरी करने के लिए समाज कल्याण विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।
विभाग का लक्ष्य सभी पात्र लाभार्थियों की आधार सीडिंग जल्द से जल्द पूरी करना है। इससे लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित करने, पेंशन वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने और योजनाओं के क्रियान्वयन को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। आधार सीडिंग एक सतत प्रक्रिया है, जिसके तहत शेष लाभार्थियों को भी जोड़ा जा रहा है।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत योजना-वार आंकड़ों के अनुसार मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना में सबसे अधिक 54 लाख 17 हजार 180 लाभार्थियों की आधार सीडिंग पूरी हुई है। वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 25 लाख 21 हजार 601 लाभार्थियों की आधार सीडिंग की गई है।
इसके अलावा लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में 8 लाख 71 हजार 927, मुख्यमंत्री दिव्यांगजन पेंशन योजना में 8 लाख 48 हजार 387, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना में 5 लाख 58 हजार 769 तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांगजन पेंशन योजना में 88 हजार 710 लाभार्थियों की आधार सीडिंग पूरी हो चुकी है। इन योजनाओं के माध्यम से राज्य के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
जिलावार आंकड़ों के अनुसार सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों की आधार सीडिंग के मामले में मधुबनी जिला सबसे आगे है। यहां अब तक 4 लाख 95 हजार 43 लाभार्थियों की आधार सीडिंग पूरी हो चुकी है। वहीं, पटना में 4 लाख 82 हजार, पूर्वी चंपारण में 4 लाख 77 हजार 291, मुजफ्फरपुर में 4 लाख 54 हजार 322 और समस्तीपुर में 4 लाख 35 हजार 774 लाभार्थियों की आधार सीडिंग की जा चुकी है।
समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि विभाग की ओर से आधार सीडिंग की प्रक्रिया को गति देने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे सभी लाभार्थियों का विवरण व्यवस्थित रूप से दर्ज हो सके और पेंशन वितरण की व्यवस्था अधिक पारदर्शी एवं सुचारु बनाई जा सके। शेष लाभार्थियों की आधार सीडिंग पूरी होने तक यह अभियान जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित