गयाजी , अक्टूबर 24 -- बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में 12 औद्योगिक इकाइयों के साथ कुल 4,092 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों से संबंधित समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर शनिवार को हस्ताक्षर किए गए।
गया जिले के बोधगया में आयोजित इस कार्यक्रम से हुए एमओयू से ऊर्जा, वस्त्र, ऑर्गेनिक उत्पाद, ऑटोमोबाइल, एल्युमिनियम, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण सहित विभिन्न क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की उम्मीद है।
बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी गया लिमिटेड (बीआईएमसीजीएल) के शुभारंभ और बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 के कर्टेन रेजर कार्यक्रम के अवसर पर हुए इन समझौतों का उद्देश्य राज्य में निवेश को प्रोत्साहित करना, औद्योगिक आधार को मजबूत बनाना और रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
समझौता ज्ञापनों के तहत मिंट लाइफ साइंसेज ने 1,500 करोड़ रुपये, एबीआईएस ग्रुप ने 600 करोड़ रुपये, बायोहील एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड ने 510 करोड़ रुपये और जियोफास्ट इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने 500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं। वहीं, कुमार ऑर्गेनिक्स ने 300 करोड़ रुपये तथा जियाना इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड ने 206 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर समझौता किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित