, Sept. 30 -- श्री चौधरी ने कहा कि सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 कार्यक्रम के तहत पात्र लाभार्थियों को पारंपरिक सूखे राशन के स्थान पर रेसिपी आधारित सुदृढ़ीकृत एवं पोषणयुक्त खाद्य उत्पाद उपलब्ध कराने की मंजूरी दी गई। इसके लिए कॉम्फेड को क्रियान्वयन एजेंसी नामित किया गया है। योजना के तहत निर्माताओं एवं आपूर्तिकर्ताओं का चयन गुणवत्ता एवं लागत आधारित चयन पद्धति से सार्वजनिक-निजी भागीदारी मोड में 15 वर्षों के लिए बिल्ड, ओन, ऑपरेट एंड ट्रांसफर आधार पर किया जाएगा। खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए त्रिस्तरीय गुणवत्ता परीक्षण प्रणाली लागू होगी।

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप, वैशाली तथा संग्रहालय निदेशालय एवं राजकीय संग्रहालयों के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न कोटि के 35 पदों पर संविदा के आधार पर नियोजन को मंजूरी दी गई। इन पदों पर 11 माह अथवा नियमित नियुक्ति होने तक, जो भी पहले हो, नियोजन किया जाएगा।

मंत्रिमंडल ने बिहार राज्य आवास बोर्ड की पटना स्थित बहादुरपुर सेक्टर-6 की जर्जर आवासीय कॉलोनी के स्व-वित्तपोषित पुनर्विकास के लिए एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन करने की स्वीकृति दी गई। योजना के क्रियान्वयन से संबंधित आवश्यक निर्णय लेने के लिए बिहार राज्य आवास बोर्ड को प्राधिकृत किया गया है। इसी प्रकार बहादुरपुर सेक्टर-5 में टीवी टावर के निकट 8.5 एकड़ भूखंड पर स्व-वित्तपोषित परियोजना के कार्यान्वयन के लिए भी एनबीसीसी के साथ समझौता ज्ञापन करने तथा संबंधित निर्णय लेने हेतु बिहार राज्य आवास बोर्ड को अधिकृत किया गया।

श्री चौधरी ने कहा कि प्रगति यात्रा के तहत पथ प्रमंडल, मुंगेर में तारापुर बाईपास पथ के निर्माण की प्रथम पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति 115.903 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत पर प्रदान की गई। यह पथ वंशीपुर (एसएच-22 के 18वें किलोमीटर) से बिहमा (एसएच-22 के 22वें किलोमीटर) तक धोबई, गोगाचक, तेलडीहा मंदिर और मोहनगंज होते हुए कुल सात किलोमीटर लंबा होगा। योजना की मूल प्रशासनिक स्वीकृति 47.9361 करोड़ रुपये थी। भू-अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग और मूल्य वृद्धि के कारण लागत में संशोधन किया गया है। भू-अर्जन के साथ आवास, वृक्ष, कुआं और बोरिंग आदि की शिफ्टिंग के लिए 68.0946 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस बाईपास के बनने से क्षेत्र में यातायात सुगम और सुरक्षित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित