पटना , अगस्त 18 -- बिहार सरकार ने 18 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों का तबादला करते हुए कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है।
राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में जारी अधिसूचना के अनुसार इस फेरबदल में सतर्कता, मद्यनिषेध, आतंकवाद निरोधक, साइबर जांच, विशेष सतर्कता, मानवाधिकार और जिला पुलिसिंग समेत कई महत्वपूर्ण इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती बदली गई है।
अधिसूचना के अनुसार, 2010 बैच के आईपीएस अनिल कुमार को मद्यनिषेध एवं एएनटीएफ का डीआईजी बनाया गया है, जबकि मृत्युंजय कुमार चौधरी को बिहार नागरिक सुरक्षा का डीआईजी नियुक्त किया गया है।
2012 बैच के राजीव रंजन को पटना स्थित विशेष सतर्कता इकाई का डीआईजी बनाया गया है। अजय कुमार पांडेय को वायरलेस एवं तकनीकी सेवाओं का डीआईजी, आमिर जावेद को अपराध जांच ब्यूरो का डीआईजी तथा मिथिलेश कुमार को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9, जमालपुर का कमांडेंट बनाया गया है। इस बदलाव में सुशील कुमार को मानवाधिकार का डीआईजी बनाया गया है और उन्हें अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इस परिवर्तन में आतंकवाद निरोधक दस्ते के एसपी हृदय कांत को नालंदा के एसपी की जिम्मेदारी सौपी गई है। वहीँ आर्थिक अपराध इकाई में साइबर जांच एवं ऑपरेशन के एसपी 2016 बैच के राजेश कुमार को एसपी एएनटीएफ, मद्यनिषेध एवं राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विशेष शाखा के एसपी 2017 बैच के मनीष कुमार को उसी पद पर विशेष सतर्कता इकाई में भेजा गया है। वहीं, सारण के एसएसपी विनीत कुमार को आतंकवाद निरोधक दस्ते की जिम्मेदारी दी गई है।
सीवान के एसपी और 2018 बैच के आईपीएस पूरन कुमार झा को पुलिस मुख्यालय में एसपी के पद पर प्रतीक्षारत रखा गया है।
इसी बैच के रामानंद कुमार कौशल, जो सीआईडी में एसपी सीवान थे, को विशेष सतर्कता इकाई का एसपी बनाया गया है।
रोहतास के एसपी रौशन कुमार को सारण का और अवधेश दीक्षित को भोजपुर का एसपी बनाया गया है।
नालंदा के एसपी भारत सोनी को सीवान का एसपी बनाया गया है। वहीं भोजपुर के एसपी मिस्टर राज को उसी पद पर रोहतास भेजा गया है।
इस फेरबदल में 2022 बैच की गरिमा को पटना स्थित सीआईडी में कमजोर वर्ग एवं महिला प्रकोष्ठ की एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित