पटना , अक्टूबर 22 -- बिहार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने गुरुवार को कहा कि राज्य में सब्जी उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, फसल की बर्बादी कम करने और बिचौलियों पर निर्भरता घटाने के लिए सहकारी विपणन व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
श्री यादव ने कहा कि इस पहल के तहत बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन लिमिटेड (वेजफेड) के माध्यम से किसानों को संग्रहण, भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की 534 प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों से जुड़े 1.18 लाख से अधिक किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए आधारभूत संरचना के विकास के साथ ही 350 पंचायत स्तरीय सब्जी संग्रहण केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए केवल उत्पादन बढ़ाना पर्याप्त नहीं है। उपज की गुणवत्ता बनाए रखना, सुरक्षित भंडारण, समय पर बाजार तक पहुंच और प्रभावी विपणन व्यवस्था भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सहकारिता विभाग का प्रयास है कि ग्रामीण स्तर पर ही सब्जियों के संग्रहण, सफाई, छंटाई, ग्रेडिंग और पैकेजिंग की सुविधाएं विकसित हों, जिससे किसानों की परिवहन लागत कम हो और उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित