पटना , अक्टूबर 21 -- ाज्य में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को नियमित रूप से पेंशन का लाभ उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया जारी है। समाज कल्याण विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक 88.37 प्रतिशत पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है। कुल 1 करोड़ 16 लाख 71 हजार 188 लाभार्थियों में से 1 करोड़ 3 लाख 13 हजार 620 का सत्यापन किया जा चुका है। जबकि, 13 लाख 57 हजार 568 लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण बाकी है। विभाग ने शेष लाभार्थियों से जल्द सत्यापन कराने की अपील की है, ताकि सभी पात्र पेंशनधारियों के रिकॉर्ड का सत्यापन समय पर पूरा किया जा सके।
जीवन प्रमाणीकरण कराने वाले लाभार्थियों की संख्या के मामले में मधुबनी जिला राज्य में पहले स्थान पर है। यहां 5,09,290 पेंशनधारियों का सत्यापन पूरा हो चुका है। वहीं, पटना में 4,91,125, पूर्वी चंपारण में 4,85,930, मुजफ्फरपुर में 4,62,294 और समस्तीपुर में 4,35,744 लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण किया जा चुका है।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के कुल लाभार्थियों की संख्या के मामले में पटना जिला पहले स्थान पर है। यहां कुल 6,17,153 पेंशनधारी हैं। इसके बाद मधुबनी में 5,88,855, पूर्वी चंपारण में 5,66,316, मुजफ्फरपुर में 5,20,559 और गया में 5,07,191 लाभार्थी पेंशन योजनाओं से जुड़े हैं।
जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी कराना पेंशनधारियों के लिए महत्वपूर्ण है। विभाग ने शेष लाभार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जल्द से जल्द अपना जीवन प्रमाणीकरण करा लें। इससे सत्यापन की प्रक्रिया को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी।
समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के माध्यम से वृद्धजनों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को पूरा करना आवश्यक है, जिससे लाभार्थियों के रिकॉर्ड का सत्यापन हो सके और पेंशन वितरण व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे। जिन लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण अभी बाकी है, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जल्द अपना सत्यापन करा लें। विभाग का प्रयास है कि कोई भी पात्र लाभार्थी आवश्यक जानकारी के अभाव में इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित