पटना, जुलाई 10 -- बिहार सरकार ने प्रशासन को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए शुक्रवार को बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 09 अधिकारियों का तबादला कर दिया तथा एक अन्य को अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार को नगर विकास एवं आवास विभाग का अपर सचिव बनाया गया है।

शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन), मनोरंजन कुमार को विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का निदेशक बनाया गया है। इसी तरह बिहार राज्य भंडार निगम (सहकारिता विभाग)के प्रबंध निदेशक डॉ. गगन को गया जी का नगर आयुक्त के पद पर पदस्थापित किया गया है।

अधिसूचना के अनुसार सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के अपर सचिव विदु भूषण चौधरी को उद्योग विभाग का अपर सचिव बनाया गया है। इसी तरह परिवहन विभाग के अपर सचिव कृत्यानन्द रंजन को नालंदा का नगर आयुक्त बनाया गया है।

इसी तरह नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार को उद्योग विभाग के अपर सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है।युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अपर सचिव हेमन्त कुमार सिंह को बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) का सचिव बनाया गया है।

अधिसूचना के अनुसार उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, सुपौल, सारा अशरफ को खाद्य प्रसंस्करण, उद्योग विभाग का निदेशक बनाया गया है। इसी तरह मोतिहारी सदर (पूर्वी चंपारण) के अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिंहारा को उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, मुजफ्फरपुर के पद पर पदस्थापित किया गया है।

अधिसूचना के अनुसार पर्यटन विभाग के संयुक्त सचिव प्रदीप सिंह को बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के अपर प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित