पटना , मार्च 02 -- होली के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये जिला मुख्यालय के साथ-साथ अनुमंडल स्तर पर भी बड़ी संख्या में क्विक रिस्पांस टीमों की तैनाती की जा रही है और पिछले वर्ष दंगा-फसाद वाले संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी बरती जायेगी।

यह जानकारी अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) पंकज कुमार दराद ने सोमवार को दी। वे पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

अपर पुलिस महानिदेशक श्री दराद ने बताया कि होली पर अरवल, नवादा और गया जी में झूमटा जुलूस की परंपरा को देखते हुए विशेष सतर्कता के निर्देश दिये गये हैं, जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और बिना लाइसेंस कोई जुलूस नहीं निकलेगा और सभी थानों को रूट का भौतिक सत्यापन कर ही लाइसेंस जारी करने को कहा गया है।

उन्होंने बताया कि रमजान को देखते हुए होलिका दहन और रंग-अबीर खेलने में विशेष सावधानी के निर्देश दिये गये हैं। तेज आवाज में डीजे व अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, सभी जिलों में वज्र वाहन, वाटर कैनन और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट पर तुरंत सख्त कार्रवाई के आदेश दिये गये हैं।

अपर पुलिस महानिदेशक ने बताया कि पिछले वर्ष होली में 50 घटनाएं हुई थीं, जिनमें सबसे अधिक रोहतास, नवादा, पटना, मुंगेर और सीतामढ़ी शामिल हैं, इसी को देखते हुये इन संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी के साथ सभी जिलों के कंट्रोल रूम को 24 घंटे अलर्ट कर पुलिस मुख्यालय से जोड़ा गया है।

उन्होंने बताया कि होली को लेकर फरवरी से अब तक पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुये 1.32 लाख से अधिक लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की, 5,459 आरोपियों को विभिन्न गंभीर मामलों में गिरफ्तार किया, 373 हथियार और 2,186 कारतूस बरामद किये, एस-ड्राइव में करीब 95 हजार वाहनों की जांच कर 1.58 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की गई और बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त करते हुये 1,918 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

अपर पुलिस महानिदेशक सर दराद ने बताया कि होली में विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिये विभिन्न जिलों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, प्रशिक्षु सिपाही, गृह रक्षक और सीएपीएफ की तैनाती की गई है, वहीं रेल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुये कटिहार, जमालपुर, गया जी और पटना रेल जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित