पटना , अक्टूबर 27 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि राज्य में कृषि यांत्रिकीकरण को बढ़ावा देने और किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए पटना में अत्याधुनिक कृषि यंत्र परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी।

क़ृषि मंत्री ने कहा कि इस प्रयोगशाला में कृषि यंत्रों की गुणवत्ता, कार्यक्षमता, क्षमता और सुरक्षा की जांच की जाएगी।

इससे किसानों को विश्वसनीय कृषि उपकरण उपलब्ध कराने और राज्य में आधुनिक कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

श्री सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में किसानों की समृद्धि और खुशहाली की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी उद्देश्य से बिहार सरकार कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण कृषि यंत्रों के उपयोग को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि यंत्रों की गुणवत्ता सुनिश्चित होने से खेती की लागत कम करने, उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि करने में सहायता मिलेगी। सरकार का लक्ष्य आधुनिक कृषि तकनीक के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित