भोपाल , अप्रैल 12 -- बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर जारी राजनीतिक हलचल के बीच भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री व मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान को एनडीए विधायक दल के नेता के चयन के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

सूत्रों के अनुसार चौहान 14 अप्रैल को बिहार पहुंचेंगे और वहां एनडीए विधायकों के बीच सहमति बनाकर नए मुख्यमंत्री के नाम को अंतिम रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

बताया गया है कि वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। संभावना है कि 14 से 15 अप्रैल के बीच नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर शपथ ग्रहण कराया जाएगा।

राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कई नाम सामने आए हैं, जिनमें सम्राट चौधरी, संजीव चौरसिया, जनक राम, श्रेयसी सिंह और धर्मशीला गुप्ता प्रमुख बताए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित