पटना , अप्रैल 21 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री श्रवण कुमार को पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया है।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्रवण कुमार को पार्टी विधायक दल का नेता घोषित किया है। श्रवण कुमार पिछले 31 वर्षों से लगातार नालंदा से विधायक हैं और उनकी गिनती नीतीश कुमार के सबसे करीबी नेताओं में होती है।श्री कुमार पहली बार 1995 में विधायक बने थे।
जदयू विधायक दल की बैठक में विधायकों ने पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को पार्टी विधायक दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत किया था और इसी के तहत श्रवण कुमार का चयन हुआ।कुछ दिन पहले ही श्रवण कुमार को वाई प्लस सुरक्षा देने की घोषणा की गई थी।
जदयू की तरफ से इसकी सूचना आज बिहार विधानसभा अध्यक्ष को भेजी गई है और उन्होंने श्रवण कुमार को जदयू विधायक दल का नेता के रूप में मान्यता प्रदान कर दी।
पूर्व मुख्यमंत्री श्री कुमार के राज्यसभा जाने के बाद मुख्यमंत्री का पद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हिस्से में चला गया था। नई सरकार में जदयू के हिस्से में दो उपमुख्यमंत्री के पद आये, जिन पर विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव काबिज हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित