पटना , अगस्त 14 -- िहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने शुक्रवार को कहा कि शराबबंदी लागू होने से समाज में कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं और इस कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही हैं।

श्री यादव ने संवाददाताओं से कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी शराब सेवन के मुखर विरोधी थे और शराबबंदी को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट है।

श्री यादव तथा मंत्री जमा खान ने आज जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके विधिसम्मत एवं त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि भरत तिवारी मामले में सरकार ने सेवानिवृत्त जज की अध्यक्षता में न्यायिक जांच आयोग का गठन किया था। आयोग की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है। साथ ही, इस घटना में शामिल अधिकारियों के विरुद्ध भी विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।

मंत्री जमा खां ने कहा कि तेजस्वी यादव बिहार को लेकर गंभीर नहीं हैं। जब भी सदन चलता है, वह छुट्टियां मनाने विदेश चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि वह नेता प्रतिपक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाने में वे पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित