गया जी, अप्रैल 22 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड(जदयू) के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी ने बुधवार को कहा कि बिहार में शराबबंदी लागू रहेगी और इसकी सफलता के लिए जरूरी कदम उठाये जायेंगे।
श्री चौधरी शहर के गेवाल बीघा मोहल्ला स्थित मुन्नी मस्जिद के पास खनकाह में आयोजित चादरपोशी कार्यक्रम में शामिल हुए और कहा कि भविष्य में नई सरकार की पहली कैबिनेट का गठन और उसकी बैठक का शीघ्र होना सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जायेगा।
उपमुख्यमंत्री ने आगामी बंगाल चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत का दावा किया, वहीं उन्होंने बिहार में शराबबंदी पर स्पष्ट किया कि पहले से लागू कानून को और सख्ती से लागू किया जाएगा।
श्री चौधरी ने अपराधियों के खिलाफ एनकाउंटर पर कहा कि यह सरकार के आधार पर नहीं, बल्कि अपराधियों की गतिविधियों के अनुसार होता है।
इस अवसर पर जदयू के वरिष्ठ नेता मौलाना उमर नूरानी ने बताया कि उपमुख्यमंत्री ने मजार पर चादरपोशी कर राज्य में अमन-चैन और विकास की दुआ मांगी। उन्होंने कहा कि मंत्री से मदरसों को एफिलिएशन देने की मांग भी रखी गयी है। उन्होंने बताया कि इस मजार पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी पहले कई बार आ चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित