पटना , अप्रैल 10 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव राम नरेश पाण्डेय ने शुक्रवार को आरोप लगाया है कि बिहार में विधि व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है।
भाकपा राज्य सचिव ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार में हत्या, अपराध की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि से राज्य में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है। उन्होंने कहा कि अपराधी बेलगाम हो गये है और दिन-दहाड़े हत्या हो जाती है।उन्होंने कहा कि फारबिसगंज की घटना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार का ट्रेलर है, जहां एक ट्रक ड्राइवर की दिन दहाड़े हत्या कर दी जाती है और लोग मूकदर्शक बन कर देख रहे होते हैं, फिर भीड़ हत्यारे की हत्या कर देती है। इस घटना से साफ प्रतीत हो रहा है कि बिहार में कानून व्यवस्था नहीं है। लोगों का कानून पर से भरोसा उठ गया है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि नेशनल क्राईम रिकार्ड ब्यूरों (एन.सी.आर.बी.) के आँकड़ों के अनुसार हत्या-अपराध की घटनाओं में बिहार देश के टॉप पांच राज्यों में शामिल है और अपराध दर में बिहार देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि एक रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2015 से 2024 के बीच बिहार में अपराधों की संख्या में 80 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। एस.सी.आर.बी. के ही आँकड़ों के अनुसार इस वर्ष-2025 में जून तक बिहार में 1347 हत्या के वारदात हो चुके हैं अर्थात प्रतिमाह औसत 229 हत्या की घटनाएँ हो रही है। 2005 से 2020 के बीच बलात्कार के मामले में 47.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
भाकपा नेता ने कहा कि पूरे बिहार की जो तस्वीर सामने आ रही है, उसके अनुसार बिहार के विभिन्न जिलों में आए दिन व्यवसायी, राजनीतिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता, शिक्षक तथा सामान्य आदमी हत्या एवं अपराध के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्राईम रिकार्ड ब्यूरों (एस.सी.आर.बी.) के आँकड़ों के अनुसार राजधानी पटना आर्म्स एक्ट में दर्ज मुकदमों में बिहार का अग्रणी जिला हो गया है।
श्री पाण्डेय ने आरोप लगाया कि राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बिहार की कानून-व्यवस्था की स्थिति को संभाल पाने में विफल साबित हो रही है।सरकार स्थिति को संभाल पाने में अक्षम और विफल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित