पटना , अप्रैल 20 -- राष्ट्रीय जनता दल ( राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने ने सोमवार को बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक सरकार(राजग) पर आरोप लगते हुए कहा कि "लोकतंत्र का गला घोंटकर" हेरफेर और साजिश से बनी प्रदेश की सरकार सत्ता में आने के बाद शासन के सभी पैमानों पर विफल साबित हो रही है।
श्री यादव ने 'एक्स' पर पोस्ट कर दावा किया कि सरकार "पांच महीने और सात दिनों से खाली बैठी है" और शासन करने के बजाय "झूठ, छल और पाखंड" में लगी हुई है।
राजद नेता ने आरोप लगाया कि नई सरकार अपने पहले वर्ष का 43.29 प्रतिशत समय बिना किसी स्पष्ट दिशा, दीर्घकालिक योजना, विज़न, रोडमैप, ब्लूप्रिंट, विस्तृत कार्ययोजना के बर्बाद कर चुकी है।
श्री यादव ने बिहार में राजग सरकार की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को नए मुख्यमंत्री की कार्यक्षमता के बारे में जानकारी है।
राजद नेता ने यह भी दावा किया कि पिछले 23 हफ्तों में सरकार ने कोई नई पहल नहीं की है और केवल "घिसे-पिटे और पुराने मुद्दों" को दोहराते हुए गलत जानकारी फैलाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महीनों से कोई कैबिनेट बैठक नहीं हुई है और नए मंत्रिमंडल के गठन में भी लंबा समय लग सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित