बिहार लीड सम्राट विश्वास मत मंजूरीपटना, 24अप्रैल(वार्ता) बिहार में भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली सम्राट चौधरी की गठबंधन सरकार के विश्वास प्रस्ताव को आज विधानसभा ने ध्वनिमत से मंजूरी प्रदान कर दी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज सदन में अपनी सरकार का विश्वास का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद श्री चौधरी ने 15 अप्रैल को प्रदेश के नये मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विश्वास मत पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए सदन में कहा कि किसी को इस भ्रम में नही रहना चाहिए कि नीतीश कुमार को बिहार की राजनीति से कोई अलग कर सकता है।
श्री चौधरी ने कहा कि श्री कुमार के पास 20 वर्षों तक बिहार के मुख्यमंत्री रहने और करीब 50 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का अनुभव है।उन्होंने कहा कि श्री कुमार ने राज्यसभा जाने के फैसले के बाद भी बिहार में समृद्धि यात्रा पर जाने का फैसला किया था और मंत्रिमंडल में नंबर दो की हैसियत से वह उनके साथ थे। उन्होंने कहा कि समृद्धि यात्रा के दौरान श्री कुमार स्वयं मंच से उनकी तरफ इशारा कर कहा करते थे कि बिहार अब यही लोग सम्हालेंगे। उन्होंने कहा कि श्री कुमार ने खुद मुख्यमंत्री पद छोड़ने का फैसला लिया, उन्हें किसी ने बाध्य नही किया। उन्होंने कहा कि वह नीतीश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आशीर्वाद से ही मुख्यमंत्री बने हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित