पटना , अक्टूबर 24 -- बिहार में बैंकों के कार्य-प्रदर्शन का पहली बार 100 अंकों के वैज्ञानिक मापन सूचकांक के आधार पर मूल्यांकन कर उनकी रैंकिंग तय की गई है और इस रैंकिंग में आईडीएफसी फर्स्ट बैंक 74 अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान पर रहा, जबकि भारतीय स्टेट बैंक समेत कई प्रमुख बैंक रेड जोन में शामिल किए गए हैं।

सौ (100) अंकों के सूचकांक के आधार पर बैंकों को प्रदर्शन के अनुसार तीन श्रेणियों में रखा गया है। 50 या उससे अधिक अंक पाने वाले बैंक ग्रीन जोन में शामिल किए गए हैं। इस श्रेणी में आईडीएफसी फर्स्ट बैंक 74 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा। जम्मू-कश्मीर बैंक और आरबीएल बैंक को 68-68 अंक मिले, जबकि एचडीएफसी बैंक को 65, बैंक ऑफ बड़ौदा को 64 और उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक को 63 अंक प्राप्त हुए। पंजाब एंड सिंध बैंक को 58, बिहार ग्रामीण बैंक को 57, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक को 53-53 तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को 52 अंक मिले।

40 से 50 के बीच अंक प्राप्त करने वाले बैंक येलो जोन में रखे गए हैं। इनमें आईसीआईसीआई बैंक और बैंक ऑफ इंडिया को 47-47, पंजाब नेशनल बैंक को 45, एक्सिस बैंक, यस बैंक और यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक को 42-42 तथा इंडियन बैंक को 40 अंक मिले हैं।

40 से कम अंक पाने वाले बैंक रेड जोन में हैं। इस श्रेणी में इंडियन ओवरसीज बैंक और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को 37-37, यूको बैंक को 35, भारतीय स्टेट बैंक को 32, केनरा बैंक को 27 तथा आईडीबीआई बैंक, बंधन बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक को 26-26 अंक प्राप्त हुए हैं।

विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समिति की तीसरी समीक्षा बैठक में राज्य के समग्र बैंकिंग प्रदर्शन, वार्षिक साख योजना के लक्ष्यों की प्राप्ति, साख-जमा अनुपात तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत ऋण प्रवाह की विस्तृत समीक्षा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित