पटना , सितम्बर 14 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को कहा कि बिहार में बाढ़ से 45 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है, ऐसे में केंद्र सरकार को राज्य की स्थिति का संज्ञान लेकर आवश्यक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।

श्री यादव ने कहा कि गुजरात में बारिश और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री सक्रिय होकर राज्य सरकार से स्थिति की जानकारी लेते हैं तथा राहत एवं बचाव के लिए विभिन्न एजेंसियों को लगाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 23 जुलाई को गुजरात में बारिश के कारण एक व्यक्ति की मृत्यु होने पर भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्री अमित शाह ने वहां के मुख्यमंत्री से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्थिति की जानकारी ली और वायुसेना तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को सतर्क रहने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित