पटना , सितम्बर 16 -- बिहार में बाढ़ की स्थिति में सुधार के संकेत के बीच अधिकांश प्रमुख नदियां अभी भी विभिन्न स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

जल संसाधन विभाग की बुधवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार गंगा, गंडक, कोसी, बागमती, बूढ़ी गंडक और पुनपुन के कई गेज स्थलों पर जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। हालांकि अधिकांश स्थानों पर पानी घटने की प्रवृत्ति दर्ज की गयी है।

रिपोर्ट के अनुसार गंडक डुमरिया घाट में खतरे के निशान से 0.20 मीटर ऊपर है और यहां जलस्तर बढ़ रहा है। कोसी बलतारा में 1.22 मीटर तथा कुर्सेला में 1.15 मीटर ऊपर है, लेकिन दोनों स्थानों पर पानी घट रहा है। बागमती सोनाखान में 0.10 मीटर ऊपर है और यहां जलस्तर बढ़ रहा है, जबकि बेनीबाद में यह 0.07 मीटर ऊपर है और पानी घट रहा है। बूढ़ी गंडक खगड़िया में 1.15 मीटर ऊपर है।

गंगा गांधी घाट पर खतरे के निशान से 0.66 मीटर, हाथीदह में 0.76 मीटर, भागलपुर में 0.30 मीटर और कहलगांव में 1.19 मीटर ऊपर बह रही है। इन सभी स्थानों पर जलस्तर घटने की प्रवृत्ति है। पुनपुन श्रीपालपुर में खतरे के निशान से 0.27 मीटर ऊपर है और यहां भी पानी घट रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित