पटना , जुलाई 28 -- बिहार में 30 जुलाई को होने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रचार का शोर आज शाम के समय थम गया और अब सभी प्रत्याशी अगले दो दिन जनसम्पर्क के जरिये वोट जुटाने में लग गये हैं।यह सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यह खाली हुई है। भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा (बंटी) को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन नामांकन दाखिल करने के एक दिन बाद उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देकर चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया और अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाकर चुनावी मैदान में उतारा। वही बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है।
इस उपचुनाव का सबसे बड़ा आकर्षण जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर हैं। वर्षों तक देश के कई बड़े नेताओं और राजनीतिक दलों के लिए चुनावी रणनीति बनाने वाले प्रशांत किशोर ने पहली बार चुनावी दंगल में खुद को उतार कर इस उपचुनाव को दिलचस्प बना दिया है।
उपचुनाव में राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस की पार्टी ने तनवीर आलम को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा कई निर्दलीय और छोटे दलों के प्रत्याशी भी मैदान में हैं।
चुनाव के दौरान एक अन्य घटनाक्रम में तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी)उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन पत्र जांच के दौरान निरस्त कर दिया गया था, जिसकी राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा रही।इसके बाद तेज प्रताप ने खुलकर जन सुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर का समर्थन किया। इस बीच जेजेडी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को छात्र आंदोलन से जुड़े विभिन्न मामलों में गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने का मुद्दा भी चुनाव प्रचार में प्रमुखता से उभरा।
निर्वाचन आयोग के अनुसार बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में 30 जुलाई 422 मतदान केंद्रों पर तीन लाख 79 हजार 616 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 02 महिला और 23 पुरुष प्रत्याशी समेत कुल,25 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बंद कर देंगे।मतदाताओं में दो लाख 60 पुरुष, एक लाख 79 हजार 533 महिला और 23 तीसरे जेंडर के लोग शामिल हैं।
बांकीपुर विधानसभा चुनाव प्रचार समाप्त होने से पहले राजनीतिक दलों ने रोड शो, जनसभाओं, घर-घर संपर्क अभियान और सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की पूरी कोशिश की है।
इस उपचुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और महागठबंधन दोनों ने पूरी ताकत झोंक दी। राजग उम्मीदवार के पक्ष में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, गिरिराज सिंह, राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, नित्यानन्द राय,पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक और राजग घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने क्षेत्र में व्यापक प्रचार किया। नितिन नवीन ने पटना में भव्य रोड शो का नेतृत्व किया, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित गठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए।
राजग नेताओं ने दावा किया कि विकास और सुशासन के मुद्दे पर जनता राजग के पक्ष में मतदान करेगी।
इस बीच बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजग प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की है।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से आधिकारिक तौर से जारी इस वीडियों में पूर्व मुख्यमंत्री श्री कुमार बांकीपुर में राजग प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में मतदान की अपील करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान श्री कुमार ने बिहार में राजग सरकार के दो दशकों तक न्याय के साथ किये गए विकास कार्यों की चर्चा की और कहा कि विकास की इस गति को भविष्य में बनाये रखने और विकसित बिहार की परिकल्पना को साकार करने के लिए गठबंधन के पक्ष में मतदाताओं का समर्थन और एक एक वोट महत्वपूर्ण है।
श्री कुमार ने इस वीडियो में बांकीपुर के मतदाताओं से अपील की है कि वह आगामी 30 जुलाई को होने वाले मतदान में भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा को समर्थन दें और उन्हें भारी मतों से विजयी बनायेंmदूसरी तरफ विपक्षी दलों खास कर जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया है कि श्री कुमार का यह वीडियो फेक है और इसे चुनावी प्रोपेगेंडा के तहत एआई से तैयार किया गया है। उन्होंने इस वीडियों की शिकायत चुनाव आयोग को भेजे जाने की बात भी कही है।
दूसरी ओर, राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता के समर्थन में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने रोड शो और जनसभाएं कीं। कांग्रेस तथा महागठबंधन के अन्य सहयोगी दलों के नेताओं ने भी चुनाव प्रचार में भाग लिया।
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि महंगाई, बेरोजगारी और स्थानीय समस्याओं से परेशान जनता बदलाव चाहती है तथा उपचुनाव में राजद को समर्थन मिलेगा।
राजद ने हालिया छात्र आंदोलन और राज्य सरकार की कथित विफलताओं को प्रमुख मुद्दा बनाया। रेखा गुप्ता ने भी मतदाताओं से विकास और जनहित के मुद्दों पर समर्थन देने की अपील की।
वहीं प्रशांत किशोर ने पदयात्रा, नुक्कड़ सभाओं और जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास किया।अपने राजनीतिक जीवन का पहला चुनाव लड़ रहे जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर अपनी पार्टी के एकमात्र स्टार प्रचारक रहे। इस बार नामांकन दाखिल करने से पहले ही वह लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे थे। उन्होंने बेरोजगारी, शिक्षा सुधार, पलायन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छ शासन, युवाओं की भागीदारी और विकास जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर की जनता पारंपरिक राजनीति से अलग विकल्प तलाश रही है और यह चुनाव व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिये मतदान का सामान्य समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक रहेगा। तीन अगस्त को मतगणना होगी और उसी दिन परिणाम आने की संभावना है। यह समूची चुनावी प्रक्रिया 04 अगस्त तक पूरी हो जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित