समस्तीपुर , अप्रैल 13 -- बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने सोमवार को कहा कि पुराने परिसीमन के आधार पर ही प्रदेश मे इस बार पंचायत चुनाव कराये जायेंगे।
श्री प्रकाश सोमवार को समस्तीपुर शहर के कर्पूरी सभागार मे आयोजित पंचायत प्रतिनिधियों के संवाद कार्यक्रम के अवसर पर आज संवाददाताओं से कहा कि राज्य मे पुराने परिसीमन के आधार पर ही समय पर पंचायत चुनाव कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि 2021 में कोरोना के कारण देश मे जो प्रस्तावित जनगणना का काम था वह नहीं हो पाया था।
उन्होंने कहा कि इस समय में पूरे देश में जनगणना का काम चल रहा है। उसके आकड़े एक बार उपलब्ध हो जायेंगे तो लोकसभा और विधानसभाओं के लिए भी परिसीमन का काम होगा।
श्री प्रकाश ने कहा कि देश मे चल रहे जनगणना के आकड़े उपलब्ध होने के बाद बिहार मे पंचायत स्तर पर विचार किया जायेगा। फिलहाल पुराने परिसीमन के आधार पर ही पंचायत चुनाव की तैयारियां की जा रही है।
इस अवसर पर भाजपा के विधान पार्षद तरूण कुमार, रालोमो के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रशांत कुमार पंकज एवं रालोमो अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विनोद चौधरी निषाद समेत अन्य नेता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित