सीतामढ़ी , अगस्त 23 -- बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने रविवार को रुन्नीसैदपुर में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में राज्य में हुए महिला सशक्तिकरण की चर्चा की और कहा कि इसे निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

श्री कुमार ने आज रुन्नीसैदपुर में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी में एक जनसभा को संबोधित किया और नीतीश कुमार के कार्यकाल में प्रदेश में हुए महिला सशक्तिकरण की याद दिलाई और कहा कि प्रदेश की महिलाओं के उत्थान के किस्से घर घर पहुंचाने की आवश्यकता है। इस दौरान महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत और उनसे आत्मीय संवाद किया।

स्वास्थ्य मंत्री आज स्वतंत्रता सेनानी रामफल मंडल के 80वें शहादत दिवस के अवसर पर सीतामढ़ी के मधुरापुर जाने के क्रम में विभिन्न स्थानों पर जनता दल यूनाइटेड(जदयू) के नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों से मिले, जहां उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

मुजफ्फरपुर के सदातपुर मोड़ पर जिला अध्यक्ष अनुपम कुमार, मेडिकल ओवरब्रिज मोड़ पर महानगर जिला अध्यक्ष अरुण कुमार सिन्हा तथा रुन्नीसैदपुर में स्थानीय विधायक पंकज कुमार मिश्रा की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री का फूल-मालाओं एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान सभी स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और उमंग देखने को मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित