पटना , अक्टूबर 23 -- बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने शुक्रवार को कहा है कि राज्य में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने, सुरक्षित निवेश को प्रोत्साहित करने और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से नागरिकों को बचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि इसकी शुरुआत जीविका स्वयं सहायता समूहों से की जाएगी और दूसरे चरण में बिहार के प्रोबेशनर अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जल्द विस्तृत रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
श्री अमृत ने आज मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के मुख्य सचिव कोषांग की ओर से आयोजित भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बिहार की प्रति व्यक्ति आय में लगातार सुधार हो रहा है और राज्य की विकास दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है। इसके बावजूद म्यूचुअल फंड और प्रतिभूति बाजार में राज्य की भागीदारी राष्ट्रीय औसत से पीछे है। ऐसे में आम लोगों को निवेश के सुरक्षित विकल्पों, वित्तीय जोखिमों और धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित