, Sept. 12 -- जल संसाधन विभाग ने जलस्तर में अचानक गिरावट को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। विभाग के निर्देश के अनुसार ऐसी स्थिति में नदी के तटों पर अचानक और तीव्र कटाव की संभावना बढ़ जाती है, जिससे संवेदनशील तटीय क्षेत्रों और तटबंधों पर जोखिम उत्पन्न हो सकता है। इसलिए संबंधित अधिकारियों को कटाव संभावित स्थलों, नदी के तटों और पूर्व से कमजोर स्थानों पर लगातार निगरानी रखने तथा नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है।
विभाग ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थान पर अचानक कटाव, तट धंसने अथवा नदी की धारा के तट की ओर तेजी से बढ़ने के संकेत मिलने पर तत्काल स्थल का निरीक्षण किया जाए और आवश्यक निरोधात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्रवाई शुरू की जाए। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संसाधन और निर्माण सामग्री पहले से उपलब्ध रखने तथा कटाव की सूचना में किसी प्रकार की देरी नहीं करने को कहा गया है।
विभागीय निर्देश में आम लोगों को भी जलस्तर में अचानक कमी के दौरान नदी के तटों और कटाव संभावित क्षेत्रों से सावधान रहने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया है। अधिकारियों को स्थिति की लगातार समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इस बीच विभागीय अपडेट के अनुसार भागलपुर के रंगरा क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बतायी गयी है। संबंधित सड़क को सुरक्षित कर लिया गया है और खेतों में फैला पानी वापस नदी की ओर जाने लगा है। विभाग और जिला प्रशासन के बीच समन्वय बनाकर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित