शिवहर, मई 26 -- जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मंगलवार को कहा कि बिहार में नई सरकार बनने के बाद भी भ्रष्टाचार, पेपर लीक, बेरोजगारी और अपराध की स्थिति जस की तस बनी हुई है और टीआरई -4 अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, नीट पेपर लीक के साथ पटना होटल में छात्रा के साथ बदसलूकी जैसी घटनाएं यह दिखाती हैं कि बिहार में फिर से जंगलराज की आहट सुनाई देने लगी है।

श्री किशोर ने आज शिवहर में संवाददाताओं से कहा कि जनसुराज ने पहले ही सरकार को अपने वादे पूरे करने के लिए 6 महीने का समय देने की घोषणा की थी और अब समय गुजर गया है, लेकिन सरकार की तरफ से जनता की समस्याओं तथा भ्रष्टाचार मिटाने के लिए कारगर कदम नहीं उठाये गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रेस समय खत्म होने के बाद उनकी पार्टी जनसुराज सरकार की नाकामियों से जनता को अवगत कराएगी।

जनसुराज के सूत्रधार ने कहा कि वह पटना आईआईटी के पास बने जनसुराज नवनिर्माण आश्रम में रहकर साथियों के साथ आगे की रणनीति और कार्यक्रम चलाएंगे। उन्होंने कहा कि जनसुराज का उद्देश्य बिहार के लोगों को यह समझाना है कि गरीबी, पलायन और बदहाली तभी खत्म होगी, जब लोग अपने बच्चों की पढ़ाई और रोजगार के नाम पर वोट देंगे।

श्री किशोर अपने बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत बिहार के तमाम जिलों का दौरा कर रहे हैं और इसी कर्म में आज वह शिवहर पहुंचे थे। इस दौरान वह हर जिले में जाकर संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं।

जनसुराज के सूत्रधार ने कहा कि वह पार्टी की जिला कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए आये है और जन सुराज के संगठन को पुनर्गठित करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित