पटना , अगस्त 02 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि राज्य में किसी व्यक्ति या गठबंधन की नहीं, बल्कि जनता की सरकार है। श्री चौधरी आज अखिल भारतीय कानू हलवाई विचार मंच, बिहार एवं वंशी चाचा सामाजिक विकास परिषद, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभिनंदन समारोह में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में किसी व्यक्ति या गठबंधन की नहीं, बल्कि जनता की सरकार है। सरकार का प्रत्येक मंत्री, विधायक जनसेवक है। उन्होंने कहा कि सरकार का एक-एक दिन तथा एक-एक घंटा बिहार के विकास और जनता की सेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने कि राज्य सरकार 31 मार्च 2027 से पूर्व एक करोड़ बीपीएलपरिवारों की पहचान कर उन्हें राशन कार्ड उपलब्ध कराएगी। साथ ही 25 लाख परिवारों के घरों की छतों पर सोलर स्थापित कर निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर में शहीद जुब्बा साहनी के नाम पर आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय की स्थापना कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के 78 वर्षों बाद भी बिहार में केवल 278 डिग्री कॉलेज थे, जबकि हमारी सरकार ने 15 जुलाई को एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन प्रारंभ कराया है। उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनों के भीतर सभी नए डिग्री कॉलेजों में नियमित रूप से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। इसके लिये संविदा के आधार पर 3,000 प्रोफेसरों की नियुक्ति की जा रही है।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि सहयोग शिविर एवं सहयोग पोर्टल के माध्यम से अब तक 05 लाख 83 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 05 लाख 33 हजार आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध जवाबदेही तय करते हुए 9,000 अधिकारियों को पहला नोटिस, 350 अधिकारियों को दूसरा नोटिस तथा चार अधिकारियों को तीसरा नोटिस जारी किया गया है। 30 दिनों के अंदर हर हाल में आवेदन को निष्पादित करना है। उन्होंने कहा कि बिहार देश का पहला राज्य है जो बिजली उपभोक्ताओं को सबसे अधिक सब्सिडी दे रहा है। राज्य के एक करोड़ 90 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं में से एक करोड़ 70 लाख उपभोक्ताओं को पिछले एक वर्ष से 125 यूनिट तक निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।जो परिवार प्रति माह 125 यूनिट तक ही बिजली की खपत कर रहे हैं, उन्हें सरकार की ओर से बधाई पत्र भेजा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित