पटना , अप्रैल 13 -- बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने सोमवार को बताया कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम, पटना सहित राज्य के सभी जिलों में जल्द ही "प्रेस से मिलिए" संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी।

कांग्रेस अध्यक्ष श्री राम ने बताया कि इस संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, भ्रष्टाचार, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की खामियों, किसानों-मजदूरों की समस्याओं तथा अन्य जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों को मजबूती के साथ सामने लाना है, जिससे सरकार की विफलताओं को उजागर किया जा सके और जनता की आवाज़ प्रभावी ढंग से उठाई जा सके।

श्री राम ने बताया कि इस पहल के तहत बिहार के सभी जिलों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रत्येक सप्ताह अपने-अपने जिले के महत्वपूर्ण और गंभीर विषयों पर "प्रेस से मिलिए" संवाद कार्यक्रम आयोजित करेंगे। उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों की विस्तृत और प्रामाणिक जानकारी प्रदेश मुख्यालय को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में भी नियमित प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रेस वार्ताओं में पार्टी के प्रवक्ता, संबंधित जिला कांग्रेस अध्यक्ष और प्रदेश पर्यवेक्षक शामिल रहेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष श्री राम ने कहा कि उनकी पार्टी जनहित से जुड़े जमीनी मुद्दों को लगातार उठाकर आम जनता से सीधे संवाद स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान से संगठन को गांव-गांव और जिले-जिले में और अधिक सक्रियता तथा मजबूती मिलेगी, साथ ही जनता की वास्तविक समस्याएं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से जनता की आवाज़ रही है और आगे भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित