पटना , जून 11 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को राज्य के किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि वर्तमान में राज्य के किसी भी जिले में उर्वरक (खाद) की कोई कमी नहीं है और किसी ने भी कालाबाजारी करने की कोशिश की तो सरकार उसके खिलाफ सख्त कर्रवाई करेगी।

श्री सिन्हा ने आज बयान जारी कर कहा कि राज्य में खाद का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार संतुलित मात्रा में उर्वरक का उपयोग करने के लिए प्रचार-प्रसार के माध्यम से लगातार प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि राज्य में खाद की कोई किल्लत न हो, इसके लिए विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। वर्तमान में राज्य में विभिन्न प्रकार के उर्वरकों का आवश्कता के अनुरूप स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य में यूरिया 2.35 लाख मीट्रिक टन, डी.ए.पी. 4.56 लाख मीट्रिक टन, एन.पी.के. 8.82 लाख मीट्रिक टन, एम.ओ.पी. 1.71 लाख मीट्रिक टन, एस.एस.पी.1.17 लाख मीट्रिक टन उपलब्ध है जो किसानों की आवश्यकताओं की पूर्ति लिए काफी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित