पटना , जनवरी 27 -- बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग ने राज्य के कुछ जिलों में कौवों की असामान्य मृत्यु की जांच के बाद स्पष्ट किया है कि कहीं भी एवियन इन्फ्लूएंजा या किसी अन्य संक्रामक अथवा अधिसूचित रोग की पुष्टि नहीं हुई है।
मृत कौवों के नमूनों को रीजनल डिजीज डायग्नोस्टिक लेबोरेटरी, कोलकाता भेजा गया था, जहां जांच रिपोर्ट निगेटिव पाई गई।
विभाग के अनुसार, भागलपुर (नवगछिया), पटना सदर और दरभंगा नगर निगम क्षेत्र में हाल के दिनों में कौवों की मृत्यु की सूचना मिली थी, जिसे गंभीरता से लेते हुये तत्काल वैज्ञानिक जांच कराई गई। रिपोर्ट आने के बाद विभाग ने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने की आवश्यकता नहीं होने की अपील की है।
विभाग ने एहतियात के तौर पर मृत पक्षियों के सुरक्षित निस्तारण, प्रभावित क्षेत्रों में नियमित साफ- सफाई और सैनिटाइजेशन पर जोर दिया है। साथ ही किसी भी असामान्य घटना या पक्षियों की मृत्यु की सूचना नजदीकी पशु चिकित्सा संस्था या जिला प्रशासन को तुरंत देने का अनुरोध किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित