पटना , अप्रैल 29 -- हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बुधवार को कहा कि बिहार में कानून का राज स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम किया जा रहा है।

डॉ. सुमन ने भागलपुर में एक सरकारी अधिकारी की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत निंदनीय और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था को सीधी चुनौती है। उन्होंने शोक-संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।

डॉ. सुमन ने कहा कि घटना के बाद जिस तत्परता के साथ प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई की है, वह सराहनीय है। बहुत कम समय में आरोपियों की पहचान कर उनका पीछा किया गया और पुलिस पर गोलीबारी के बाद जवाबी कार्रवाई की गई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि कानून के प्रति किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम किया जा रहा है, जो लोग कानून को हाथ में लेने की कोशिश करेंगे, उन्हें सख्त परिणाम भुगतने होंगे।

पूर्व मंत्री डॉ. सुमन ने कहा कि कुछ लोग ऐसे संवेदनशील मामलों में भी राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करते हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिनके शासनकाल में अपराध और अराजकता को बढ़ावा मिला, आज वही लोग कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन जनता अब सब कुछ समझ चुकी है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस मामले में निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित करे, जिससे दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।उन्होंने कहा कि कानून सर्वोपरि है और अपराध के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित