सीतामढ़ी शिवहर , जनवरी 19 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा कि राज्य में उद्योग लगाने के लिये उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है, इससे उन्हें काफी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के दौरान सीतामढ़ी के हित नारायण उच्च विद्यालय, चंदौली तथा शिवहर के किसान मैदान में विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक के दौरान सीतामढ़ी जिले के जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय एवं शिवहर जिला के जिलाधिकारी सुश्री प्रतिभा रानी ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने समीक्षा बैठक के दौरान कहा राज्य में उद्योग लगाने और स्वरोजगार करने वालों को कई प्रकार की सुविधायें देकर सरकार उन्हें प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योग लगाने के लिये उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है, इससे राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को काफी मदद मिलेगी। उद्योग लगाने के लिये सभी जिलों में सुविधायें दी जा रही हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बिहार में उद्योगों को और ज्यादा बढ़ावा मिले, बिहार के युवा दक्ष एवं आत्मनिर्भर हों तथा उन्हें अधिक से अधिक रोजगार मिल सके एवं उनका भविष्य सुरक्षित हो।
श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने निर्देश दिया कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें। अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित कर पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के हित में कार्य कर रही है, उसके लिये कई योजनायें चलायी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करनेके लिये सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय 'सबका सम्मान-जीवन आसान' का मुख्य मकसद राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को और भी आसान बनाना है। इसे लेकर सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को क्रियान्वित करें जिससे बिहार देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सके।
समीक्षा बैठक में जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, संबद्ध विभागों के अपर मुख्य सचिव/ प्रधान सचिव / सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, चम्पारण प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक चंदन कुशवाहा, सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडे, शिवहर जिला की जिलाधिकारी सुश्री प्रतिभा रानी, सीतामढ़ी जिला के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, शिवहर जिला के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित