पटना , जून 02 -- िहार में उच्च शिक्षा के ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए आगामी एक जुलाई 2026 से 211 नए डिग्री महाविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने का निर्णय लिया है। यह पहल राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना "सात निश्चय-3 (2025-30)" के चतुर्थ निश्चय "उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य" कार्यक्रम का हिस्सा है।
इस संबंध में मंगलवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत तथा राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी, उच्च शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि 211 नए महाविद्यालयों के अस्थायी संचालन के लिए सभी जिलों से चयनित विद्यालयों की सूची प्राप्त कर ली गई है। सरकार ने प्रत्येक महाविद्यालय के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के लिये 30 लाख रुपये तथा भवनों के जीर्णोद्धार एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर दी है।इन महाविद्यालयों का नाम संबंधित प्रखंड के नाम के साथ "राजकीय डिग्री महाविद्यालय" रखा गया है। प्रारंभिक चरण में हिन्दी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र विषयों में अध्ययन-अध्यापन शुरू किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित