पटना , अगस्त 01 -- ाज्य की बंद पड़ी चीनी मिलों का पुनरुद्धार करने के साथ ही लगने वाली नई चीनी मिलों को देखते हुए इस साल दो लाख 55 हजार 81 हेक्टेयर में गन्ना की खेती होगी। गन्ना उद्योग विभाग ने बुआई सत्र 2026-27 के लिए जिलावार गन्ना खेती का रकबा और उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिससे पेराई के लिए चीनी मिलों को पर्याप्त मात्रा में गन्ना मिल सकें।

राज्य सरकार ने सात निश्चय-3 के अंतर्गत 'समृद्ध उद्योग-सशक्त बिहार' के लक्ष्य को पाने के लिए राज्य में बंद चीनी मिलों को खोलने के साथ ही नई चीनी मिलों को स्थापित करने का निर्णय लिया है। बिहार में स्थापित होने वाली कुल 25 नई चीनी मिलों के लिए पर्याप्त मात्रा में गन्ना चाहिए। इसको देखते हुए गन्ना उद्योग विभाग द्वारा बिहार में गन्ना के उत्पादन में वृद्धि करने के उद्देश्य से राज्य के सभी जिलों में गन्ना खेती का विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए कई योजनाएं शुरू की गई है।

गन्ना उद्योग विभाग ने गन्ना का उत्पादन बढ़ाने के लिए जिला स्तर पर बुआई सत्र 2026-27 के लिए जिलावार गन्ना फसल की रकबा का कुल लक्ष्य 255081 हेक्टेयर निर्धारित किया है। वहीं गन्ना उत्पादन का कुल लक्ष्य 17403582 टन निर्धारित किया है। बताया जाता है कि सबसे अधिक गन्ना उत्पादन का रकबा 166090 हेक्टेयर पश्चिमी चम्पारण के लिए निर्धारित किया गया है। उसके बाद पूर्वी चम्पारण का रकबा 26693 हेक्टेयर निर्धारित है। वहीं सबसे कम अरवल जिले में गन्ना की खेती करने का रकबा पांच हेक्टेयर निर्धारित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित