पटना , मई 04 -- बिहार में सोमवार को अलग-अलग घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने अनुसार रोहतास और पूर्वी चंपारण जिले में पांच-पांच, औरंगाबाद और गया में चार-चार, कैमूर में दो और सारण और पश्चिमी चंपारण जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गयी।

सासाराम से आज यहां प्राप्त समाचार के अनुसार रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के ट्रक की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई।मृतकों की पहचान अशोक सिंह, पिंटू सिंह रजनीश सिंह,राम व्रत सिंह के रूप में की गयी है। एक अन्य मृतक की पहचान नहीं की जा सकी है।

मोतिहारी से प्राप्त सूचना के अनुसार पूर्वी चंपारण जिले में तेज आंधी और बारिश में चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रूपडीह गांव स्थित मोतिहारी-ढाका पथ पर एक ऑटो रिक्शा पर पेड़ गिर गया। इस घटना में शिकारगंज थाना क्षेत्र के बेलघाट निवासी आठ वर्षीय चुनचुन कुमार और थरघटवा निवासी 24 वर्षीय धीरज कुमार की मौत हो गयी। ऑटो रिक्शा सवार रामदुलारी देवी और संगीत कुमारी को गम्भीर चोटें आई हैं। दोनों घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव में आकाशीय बिजली गिरने से मंजू सहनी की आठ वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी और जयलाल सहनी के 14 वर्षीय पुत्र सन्नी देवल की मौत हो गयी। वहीं जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चन्दन महतो की ढाई वर्षीय नतिनी सरस्वती कुमारी की मौत हो गयी। वह पलनवा थाना क्षेत्र के गादसिरिसिया निवासी अरविंद महतो की पुत्री है और अपने ननिहाल आयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित